बदायूं 27 अप्रैल। जिलाधिकारी अवनीश राय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आगामी 29 अप्रैल को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा जनपद हरदोई में किये जा रहे गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के परिपेक्ष में जनपद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जनपद के घटपुरी इंटरचेंज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि,गणमान्य लोग, आमजन व अधिकारीगण मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, मंच संचालन, प्रचार प्रसार, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, साफ सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था आदि विभिन्न व्यवस्थाओं पर एक-एक कर चर्चा की आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित विभाग अधिकारियों को दिए।इस अवसर पर जनपद हरदोई में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव शर्मा ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे जनपद मेरठ से प्रारंभ होकर जनपद प्रयागराज तक जाता है, जिसकी कुल लंबाई लगभग 594 किलोमीटर है। उन्होंने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार मेरठ-बुलन्दशहर मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-334) पर जनपद-मेरठ के बिजौली ग्राम से प्रारम्भ होकर प्रयागराज बाईपास (राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19) पर जनपद-प्रयागराज के जुडापुर दाँदू ग्राम के समीप तक है। सम्बन्धित 12 जनपदों में 21 इण्टरचेंज है।





