
बिनावर, बदायूं। क्षेत्र के दुग्ध उत्पादक किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए LS डेरी एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का भव्य शुभारंभ 30 अक्टूबर 2026 को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। शुभारंभ के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन एवं विधि-विधान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कंपनी का उद्घाटन महाप्रबंधक श्री थान सिंह ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन ने बताया कि LS डेरी एंड फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का मुख्य उद्देश्य दुग्ध उत्पादक किसानों को उनके दूध का उचित एवं पारदर्शी मूल्य उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला संतुलित पशु आहार उपलब्ध कराने तथा पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की सुविधा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कंपनी की ओर से किसानों को आधुनिक डेयरी प्रबंधन से संबंधित तकनीकी मार्गदर्शन भी समय-समय पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता और पशुपालन की कार्यक्षमता में सुधार हो सके।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध, पौष्टिक एवं उच्च गुणवत्ता वाला दूध तथा दूध से निर्मित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध कराना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कंपनी का लक्ष्य किसानों और उपभोक्ताओं के बीच विश्वास, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता की मजबूत कड़ी स्थापित करना है।
प्रबंधन ने विश्वास जताया कि किसानों, उपभोक्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग और आशीर्वाद से यह नई पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ ही डेयरी क्षेत्र में रोजगार एवं समृद्धि के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में बिनावर क्षेत्र के किसान एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने कंपनी की इस पहल को किसानों के हित में एक सकारात्मक कदम बताया।





